विद्यार्थी विज्ञान मंथन में डीपीएस बोकारो ने रचा कीर्तिमान, तीन छात्रों को झारखंड में पहला स्थान

    विद्यार्थी

    चार विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा के लिए हुए क्वालीफाई, प्राचार्य ने दी शुभकामनाएं

    विज्ञान के क्षेत्र में देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतिभा-खोज प्रतियोगिता विद्यार्थी विज्ञान मंथन (VVM) में दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो के विद्यार्थियों ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए विद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। विद्यालय के कुल चार छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा के लिए क्वालीफाई किया है, जिनमें से तीन विद्यार्थियों ने अपने-अपने वर्ग में पूरे झारखंड में प्रथम स्थान प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

    छठी कक्षा के छात्र राघव कृष्ण, सातवीं कक्षा के सात्विक रूपम द्विवेदी तथा दसवीं कक्षा के शिवम ओझा ने अपने-अपने वर्गों में राज्य में पहला स्थान हासिल किया, जबकि छठी कक्षा के अक्षत प्रियदर्शी को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ। इन चारों विद्यार्थियों का चयन अब आगामी मई 2026 में आयोजित होने वाली विद्यार्थी विज्ञान मंथन की राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा के लिए हुआ है। किसी एक विद्यालय से एक ही वर्ष में तीन-तीन छात्रों का राज्य स्तर पर रैंक-1 प्राप्त करना प्रतियोगिता के इतिहास में एक दुर्लभ और उल्लेखनीय उपलब्धि मानी जा रही है।

    जानकारी के अनुसार, वीवीएम 2025-26 की ऑनलाइन प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 28 अक्टूबर से 2 नवंबर 2025 के बीच विभिन्न कक्षाओं के लिए किया गया था, जिसमें डीपीएस बोकारो के सात विद्यार्थियों का राज्य स्तर के लिए चयन हुआ था। इसके पश्चात 11 जनवरी 2026 को सीएसआईआर–सीआईएमएफआर, धनबाद में आयोजित राज्य स्तरीय शिविर में प्रैक्टिकल एवं लिखित परीक्षा ली गई, जिसमें पूरे झारखंड से चयनित 180 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

    इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में डीपीएस बोकारो के विद्यार्थियों का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ रहा। विजेता छात्रों को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के निदेशक एवं विज्ञान भारती झारखंड के अध्यक्ष प्रो. सुकुमार मिश्रा तथा सीएसआईआर-सीआईएमएफआर, धनबाद के निदेशक प्रो. अरविन्द कुमार मिश्रा के कर-कमलों से सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ₹5000 नकद पुरस्कार, प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिह्न, जबकि द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र को ₹3000 नकद, प्रमाण-पत्र एवं मोमेंटो प्रदान किया गया।

    उल्लेखनीय है कि राज्य स्तर की परीक्षा में प्रत्येक वर्ग से प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले कुल 12 छात्र-छात्राओं का चयन राष्ट्रीय स्तर के अंतिम चरण के लिए किया गया है, जिनमें से एक-तिहाई विद्यार्थी अकेले डीपीएस बोकारो से हैं, जो विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और वैज्ञानिक प्रशिक्षण का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

    विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने इस शानदार उपलब्धि पर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, लगन और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये छात्र राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और राज्य का गौरव बढ़ाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि डीपीएस बोकारो विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर प्रयासरत है और उन्हें हर संभव मंच एवं अवसर उपलब्ध कराता रहेगा।

    AS gangwar
    डॉ. ए. एस. गंगवार

    गौरतलब है कि विद्यार्थी विज्ञान मंथन भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग तथा एनसीईआरटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित देश की सबसे बड़ी विज्ञान-आधारित प्रतिभा खोज प्रतियोगिता है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना, विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना तथा भारतीय वैज्ञानिकों के योगदान से उन्हें परिचित कराना है। यह प्रतियोगिता तीन चरणों — स्कूल/कॉलेज स्तर, राज्य स्तर और राष्ट्रीय स्तर — में आयोजित होती है, जिसमें कक्षा 6 से 11 तक के विद्यार्थी भाग लेते हैं और उन्हें भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीवविज्ञान तथा गणित विषयों की लिखित एवं प्रायोगिक परीक्षाओं से गुजरना पड़ता है।

    डीपीएस बोकारो की यह उपलब्धि निश्चय ही पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है और अन्य विद्यार्थियों को भी विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगी।